उठाऊ सिंचाई योजना गलोट, पनेश, फगेड़ा, शिलड़ू को दुरुस्त करने की मांग उठाई
हिमाचल आजकल
शिमला। कृषक विकास संघ गलोट, पनेश, फगेड़ा, शिलड़ू की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। इसमें अमित गर्ग को प्रधान बनाया गया है। इसके अलावा पूर्ण दत्त शर्मा को उपप्रधान, जय चन्द ठाकुर को कोषाध्यक्ष और कृष्ण ठाकुर को सचिव बनाया गया है।
अमित गर्ग ने बताया कि यहां के लोग कृषि पर निर्भर है। उन्हें उनका वाजिब हक मिले, इसके लिए नई कार्यकारिणी बनाई गई है। उन्होंने बताया कि गलोट, पनेश, फगेड़ा, शिलड़ू की बहुत लंबे समय से उठाऊ सिंचाई परियोजना किसी कारणवश बंद पड़ी थी। इसे सुचारु रूप से चलाने के लिए एक प्रतिनिधिमंडल जल शक्ति विभाग के एसडीओ केआर कपिल से मिला और इस समस्या को शीघ्र सुलझाने की मांग उठाई।
इस दौरान एसडीओ ने प्रतिनिधिमंडल की समस्याओं को शीघ्र सुलझाने का आश्वासन दिया। गर्ग ने बताया कि यहां के लोग अधिकतर सिंचाई पर निर्भर करते हैं। बिना सिंचाई के उनकी आजीविका पर भी विपरीत असर पड़ रहा है। उनकी फसलें बिना सिंचाई के खराब हो रही थी।


| All Rights Reserved | Website By :