Sunday, April 12, 2026

मुख्यमंत्री ने धर्मशाला से महिला यात्रियों को बस किराए में 50 प्रतिशत की रियायत की शुरूआत की

परिवहन निगम में मोटर मैकेनिक, इलैक्ट्रिशयन और अन्य श्रेणियों के 265 पद भरने की घोषणा

हिमाचल आजकल

शिमला। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने वीरवार को  धर्मशाला में राज्य स्तरीय नारी को नमन समारोह की अध्यक्षता करते हुए हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसोंं में महिला यात्रियों को बस किराए में 50 प्रतिशत की रियायत की शुरूआत की। उन्होंने हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसों में मौजूदा न्यूनतम किराया 7 रुपए से घटा कर 5 रुपए करने और हिमाचल प्रदेश परिवहन निगम की राइड विद प्राइड टैक्सियों में महिला चालकों के 25 पद भरने की घोषणा की। उन्होंने हिमाचल पथ परिवहन निगम में मोटर मैकेनिक, इलैक्ट्रिशयन और अन्य श्रेणियों के 265 पद भरने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि हिमाचल पथ परिवहन निगम को 30 करोड़ रुपए की अतिरिक्त राशि उपलब्ध करवाने का मामला वित्त विभाग के समक्ष लाया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का दिन प्रदेशवासियों के लिए  ऐतिहासिक है, क्योंकि प्रदेश सरकार ने हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसों में महिला यात्रियों को 50 प्रतिशत रियायत प्रदान करने वाले ‘नारी को नमन’ कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं को बस किराए में दी जाने वाली यह छूट राजनीतिक कदम नहीं है, बल्कि महिला सशक्तिकरण की आेर हमारे संकल्प की दिशा में की गई सकारात्मक पहल है।

जयराम ठाकुर ने कहा कि यह योजना महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सहायक सिद्घ होगी और प्रदेश में महिलाओं की प्रगति को और गति प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि एक अनुमान के अनुसार हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसों में प्रतिदिन 1. 25 लाख महिलाएं यात्रा करती हैं और इस योजना के अन्तर्गत प्रदेश सरकार लगभग 60 करोड़ रुपए वार्षिक खर्च करेगी। उन्होंने कहा कि यह योजना प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘बेटी बचाआे, बेटी पढ़ाआे’ अभियान को भी गति प्रदान करेगी, क्योंकि प्रतिदिन बसों में यात्रा करने वाली विद्यालय और महाविद्यालय की छात्राएं इससे लाभान्वित होंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाएं हमारी कुल आबादी का 50 प्रतिशत है और महिलाओं के समग्र विकास और उनकी सक्रिय भागीदारी के बिना विकसित समाज की परिकल्पना नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए वर्तमान प्रदेश सरकार ने निगम की बसों में बस किराए में 50 प्रतिशत छूट देने का निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि एक युवा विपक्षी विधायक ने इस  ऐतिहासिक निर्णय के तुरन्त बाद फेसबुक लाइव में वर्तमान राज्य सरकार पर प्रदेश के लोगों को मुफ्तखोरी की आदत लगाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के लोग एेसे नेताआें को आगामी चुनावों में करारा जवाब देंगे।

जय राम ठाकुर ने कहा कि ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री के उनके कार्यकाल के दौरान वर्ष 2010 में पंचायती राज  संस्थाओं  और शहरी स्थानीय निकायों में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण प्रदान किया गया था। उन्होंने कहा कि उन चुनावों में 58 प्रतिशत से अधिक सीटों पर महिलाओं ने जीत हासिल की थी और आज यह 60 प्रतिशत तक बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि उज्ज्वला योजना से छूटे हुए लाभार्थियों को योजना का लाभ प्रदान करने के उद्देश्य से राज्य में मुख्यमंत्री गृहिणी सुविधा योजना आरम्भ की गई है। उन्होंने कहा कि बीपीएल परिवारों की बेटियों को लाभ प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री शगुन योजना आरम्भ की गई, जिसके अन्तर्गत बीपीएल परिवारों की बेटियों को शादी के दौरान 31000 रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस योजना के अन्तर्गत 5308 लड़कियों को 17 करोड़ रुपए से अधिक राशि प्रदान कर लाभान्वित किया गया है।

Get in Touch

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Related Articles