हिमाचल आजकल
शिमला। राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने शिमला शहर के विकासनगर स्थित सरस्वती विद्या मंदिर पाठशाला के विद्यार्थियों के साथ संवाद करते हुए उन्हें राष्ट्र के महान स्वतंत्रता सेनानियों से संबंधित पुस्तकें पढऩे की सलाह दी। राज्यपाल सोवार सुबह विद्यार्थियों के साथ संवाद कार्यक्रम के तहत सरस्वती विद्या मंदिर स्कूल पहुंचे और नौवीं कक्षा के विद्यार्थियों के बीच एक शिक्षक के रूप में कक्षा का संचालन किया। राज्यपाल ने विद्यार्थियों से अवकाश के दिनों में बिताए गए समय और पर्यावरण के प्रति उनकी जिम्मेदारी, वृक्षारोपण और समाचार पत्र पढऩे आदी के बारे में उनकी रुचि से संबंधित कई प्रश्न भी पूछे। उन्होंने कहा कि पुस्तकें हमारी बौद्घिक संपत्ति और विरासत हैं। यह हमें ज्ञान प्रदान करती हैं। उन्होंने कहा कि विभिन्न विषयों पर कई पुस्तकें उपलब्ध हैं, और उनसे मित्रता करने की जरूरत है। अच्छी पुस्तकों को घर में जरूर स्थान दें और पुस्तकों के पठन पर भी विशेष ध्यान देना चाहिए। उन्होंने प्रत्येक विद्यार्थी को पुस्तकें भेंट की और पत्र भेजकर पुस्तकों से अर्जित ज्ञान के बारे में अपनी प्रतिक्रिया देने को कहा। उन्होंने कहा कि ये पुस्तकें विद्यार्थियों को इसलिए दी गईं हैं, ताकि उनमें पढऩे की आदत विकसित हो सके।


| All Rights Reserved | Website By :