Sunday, April 12, 2026

ईमानदारी व निष्ठा के साथ दी गई शिक्षा कभी बेकार नहीं जाती : रोहित ठाकुर

रोहित ठाकुर ने बरथाटा में अंडर-19 छात्रों की जोनल प्रतियोगिता में की शिरकत

हिमाचल आजकल

शिमला।शिक्षा हमारे जीवन की समृद्घि की सबसे बड़ी कुंजी हैं। ईमानदारी और निष्ठा के साथ दी गई शिक्षा कभी बेकार नहीं जाती है। बच्चे का भविष्य तो संवरता ही है साथ ही शिक्षक भी जीवन पर्यंत सम्मान प्राप्त करते हैं। यह बात जुब्बल नावर कोटखाई  के विधायक रोहित ठाकुर ने शुक्रवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बरथाटा में अंडर-19 वर्षीय छात्रा जोनल प्रतियोगिता के शुभारंभ समारोह को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने शिक्षकों को शिक्षा दान के महत्व को बताते हुए कहा कि स्कूलों में शिक्षा के साथ साथ खेल गतिविधियां छात्रों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के विकास में मदद्गार होती हैं। छात्रों को पढ़ाई के साथ साथ खेलों में भी बढ़चढ़ कर भाग लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि बरथाटा पूर्व मुख्यमंत्री स्व. ठाकुर रामलाल की गृह पंचायत रही हैं। उनके कार्यकाल में शिक्षा, बागवानी, स्वास्थ्य और सडक़ो के क्षेत्र में ऐतिहासिक विकास हुआ हैं। रोहित ठाकुर ने कहा कि पूर्व कांग्रेस कार्यकाल (2003-07 और 2012-17) में ग्रामीण इलाकों के दूरदराज के क्षेत्रों में घर द्वार तक शिक्षा उपलब्ध करवाने के लिए शैक्षणिक संस्थान खोलें गए। उन्होंने कहा कि जुब्बल नावर कोटखाई में सर्वाधिक 32 उच्च माध्यमिक पाठशालाएं व टिक्कर में कलेज खोला गया।  खेलों को बढ़ावा देने के लिए जुब्बल नावर कोटखाई में खेल मैदान को प्राथमिकता दी जाएगी। सडक़ें किसी भी विकास के क्षेत्र में जीवन रेखा की तरह अहम भूमिका निभाती हैं और ग्रामीण क्षेत्रों में तो विकास की संभावनाओं के द्वार खोल देती हैं। 

उनका कहना है कि बीते 4 वर्षों से लंबित पड़ी बटाडग़लु टिक्करी सरानी जुब्बड़ संपर्क सडक़ जो राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बरथाटा को भी जोड़ती हैं उस पर 40 रुपए खर्च कर जनता को समर्पित कर दिया गया हैं। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बरथाटा के भवन निर्माण पर 1.13 की राशि पिछले कार्यकाल में स्वीकृत की गई थी। रोहित ठाकुर ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बरथाटा के अध्यापकों व खेल आयोजन समिति को छात्रा खेल प्रतियोगिता के आयोजन के लिए शुभकामनाएं दी। इस प्रतियोगिता में 20 राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशालाओं की 295 छात्राएं भाग ले रही हैं।  इस दौरान उनके साथ बरथाटा पंचायत के प्रधान गोपाल सिंह चौहान,कठासू पंचायत की प्रधान गीता नजटा, उप प्रधान बरथाटा बलवंत, प्रिंसिपल राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बरथाटा मोहिंदर चंद पिरटा, प्रिंसिपल राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जुब्बल  पितांबर पिरटा, खेल अधिकारी अजय पांटा व कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Get in Touch

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Related Articles