सोनिया गांधी को बदनाम करना प्रयास कर रही केंद्र सरकार : धनीराम शांडिल
हिमाचल आजकल
शिमला। कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी को ईडी के समन के विरोध में कांग्रेस ने प्रदेशभर में सत्यग्रह किया गया। मंगलवार को शिमला के रिज मैदान पर भारी बारिश के बाबजूद राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा के नीचे कांग्रेस नेता सत्यग्रह पर बैठे। इस दौरान उनके हाथों में मोदी सरकार की तानाशाही नीतियों व ईडी के दुरुपयोग के स्लोगन लगे थे।
इस अवसर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डा. कर्नल धनीराम शांडिल ने केंद्र की मोदी सरकार पर आरोप लगाया कि वह उनके नेताओं को राजनैतिक प्रतिशोध के चलते उन्हें बदनाम करने की कोशिश कर रहें है। भाजपा उनकी उस नेता को बदनाम करने का प्रयास कर रही है जिसने देश के प्रधानमंत्री पद तक को ठुकरा दिया हो। सोनिया गांधी उनकी ईमानदारी और देश के प्रति उनकी निष्ठा पर कोई सवाल नहीं उठा सकता। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी व राहुल गांधी पर मोदी सरकार ने झूठे आरोप लगाए है। उन्होंने कहा कि इस मामलें में सोनिया गांधी व राहुल गांधी पाक साफ साबित होंगे।
इस सत्यग्रह में जिला कांग्रेस कमेटी शहरी के अध्यक्ष जितेंद्र चौधरी,ग्रामीण के अध्यक्ष अतुल शर्मा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष गंगू राम मुसाफिर,आदर्श सूद, केहर सिंह खाची,नरेश चौहान, कांग्रेस महासचिव यशवंत छाजटा, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, ब्लॉक अध्यक्ष,महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, सेवादल,एनएसयूआई के पदाधिकारी व पार्टी कार्यकर्ता मौजूद थे।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सांसद प्रतिभा सिंह ने नई दिल्ली में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताआें की गिरफ्तारी की कड़ी निंदा की है। उनका कहना है कि केंद्र की मोदी सरकार देश में लोकतंत्र में विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस भाजपा की दमनकारी नीतियों का एकजुटता से मुकाबला करेगी।
प्रतिभा सिंह ने कहा कि कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी,राहुल गांधी पर भाजपा राजनैतिक प्रतिशोध के चलते झूठा मामला बना कर उन्हें प्रताडि़त कर रही है। आज देश के उस परिवार को एक साजिश के तहत बदनाम करने की कोशिश की जा रही है जिसने देश की एकता और अंखडता के लिए अपने परिवार का बलिदान दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस गांधी परिवार के साथ भाजपा के किसी भी राजनीतिक षडयंत्र को कभी सफल नहीं होने देगी।


| All Rights Reserved | Website By :