Sunday, April 12, 2026

मंहगाई व बेरोजगारी के मुद्दे पर कांग्रेस ने राजभवन के बाहर किया जोरदार प्रदर्शन

मोदी सरकार जांच एजेंसियों का कर रही दुरुपयोग : प्रतिभा सिंह

हिमाचल आजकल

शिमला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष व सांसद प्रतिभा सिंह के नेतृत्व में शुक्रवार को  देश मे बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी,जीएसटी में बढ़ोतरी और सेना में ठेका प्रथा अग्रिपथ के विरोध में कांग्रेस नेताओं  ने यहां राजभवन के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं  ने केंद्र की मोदी सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि भाजपा की नीतियों व निर्णयों ने आज देश को बर्बादी की राह पर लाकर खड़ा कर दिया है।

इस अवसर पर कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष की आवाज को दबाने का पूरा प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर कांग्रेस नेताओं  को बदनाम करने की एक बड़ी साजिश कर रही है।

इस मौके पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव प्रदेश मामलों के सह प्रभारी संजय दत्त ने मोदी सरकार पर आरोप लगाया कि वह बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी जैसी  समस्याओं  से लोगों का ध्यान भटकाने के लिए कांग्रेस नेताओं  पर झूठे और आधारहीन आरोप लगा रही है। जांच एजेंसियों पर दबाव बना कर उनके नेताओं  को बदनाम करने की साजिश रच रही है,जिसमें वह कभी सफल नहीं होगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस भाजपा की इस तानाशाही के खिलाफ हर स्तर पर लड़ेगी और वह इससे घबराने वाली नही।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की प्रवक्ता अलका लांबा ने इस दौरान कहा कि आज का हलाबोल कार्यक्रम केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ एक जन प्रदर्शन है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का यह  प्रदर्शन आज पूरे देश में बढ़ती महंगाई,बेरोजगारी व अग्रिपथ के विरोध में है और यह तब तक जारी रहेगा जबतक की सरकार बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी से लोगों को कोई राहत नही देती। उन्होंने कहा कि देश की जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर भाजपा कांग्रेस की अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी को बदनाम करने की पुरजोर कोशिश कर रही है जिसे कांग्रेस सहन नही करेगी।

इस दौरान प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष हर्ष महाजन,विधायक रोहित ठाकुर,मोहनलाल ब्राक्टा,जिला शिमला कांग्रेस कमेटी शहरी के अध्यक्ष जितेंद्र चौधरी, ग्रामीण के अध्यक्ष अतुल शर्मा, पूर्व विधायक आदर्श सूद,रामकुमार,केहर सिंह खाची,यशवंत सिंह छाजटा,नरेश चौहान,अमित नंदा,हरीश जनारथा,युवा कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष यदुपति ठाकुर,एनएसयूआई के अध्यक्ष छतर सिंह,ब्लक कांग्रेस अध्यक्ष रामष्ण शांडिल,गोपाल शर्मा,नरेंद्र कवंर,रिंकू वर्मा,यशपाल तनाईक,सोलन जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष शिव कुमार,शशि बहल,किरण धानटा, सत्यजीत नेगी,शशि ठाकुर,प्रभा वर्मा,बबली, के अतिरिक्त सेवादल के पूर्व जिला अध्यक्ष हेमराज शर्मा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अनेक पदाधिकारी युवा,सेवादल,महिला,एनएसयूआई के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद थे।

Get in Touch

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Related Articles