हिमाचल आजकल
शिमला । प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष व सांसद प्रतिभा सिंह ने कहा है कि प्रदेश में भाजपा आगामी लोकसभा चुनावों में अपनी जीत के मुंगेरीलाल के हसीन सपने देख रही हैं। कांग्रेस लोकसभा चुनावों में भी भाजपा को चारों खाने चित करेगी। भाजपा अब प्रदेश के लोगों को गुमराह नहीं कर सकती।
प्रदेश भाजपा कार्यकारणी के बैठक में पारित प्रस्तावों पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए प्रतिभा सिंह ने कहा कि भाजपा अपनी करारी हार के बाद गहरे सदमे से उभर नहीं पा रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लोगों ने भाजपा को पूरी तरह नकार दिया है, इसलिए उन्हें सरकार के साथ सहयोग करना चाहिए।
प्रतिभा सिंह ने कहा कि विधानसभा चुनावों से ठीक पहले पूर्व भाजपा सरकार ने जिस प्रकार बगैर किसी बजट के घोषणाएं कर आनन फानन में सेंकडांे कार्यालय खोले थे,वह पूरी तरह भाजपा का लोगों से वोट बटोरने व राजनैतिक हित साधने का एक असफल प्रयास था,जिसे लोगों ने पूरी तरह नकार दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस सरकार ने प्रदेश हित में इन घोषणाआें पर रोक लगाई हैं। उन्होंने कहा कि जहां भी आवश्यकता होगी लोगों की सुविधा के लिए कार्यालय स्थापित किये जाएंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा को इस मुद्दे पर घडय़ाली आंसू बहाने की कोई आवश्यकता नही हैं।
प्रतिभा सिंह ने प्रदेश की आर्थिक बदहाली के लिये पूर्व भाजपा सरकार को दोषी ठहराते हुए कहा है कि भाजपा की फिजूलखर्ची से अब करोड़ों की देनदारियां कांग्रेस सरकार को चुकता करनी पड़ेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार पर आरोप लगाने का भाजपा को कोई भी नैतिक अधिकार नही है। उन्होंने कहा है कि भाजपा को अपने कारनामों के लिए प्रदेश के लोगों से माफी मांगनी चाहिए।
लोकसभा चुनाव में जीत के सपने देख रही भाजपा : प्रतिभा सिंह
Get in Touch


| All Rights Reserved | Website By :