Friday, February 27, 2026

मुख्यमंत्री ने नई दिल्ली में स्वर्णिम हिमाचल कला महोत्सव का शुभारम्भ किया

हिमाचल आजकल

शिमला l मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने शनिवार को नई दिल्ली में स्वर्णिम हिमाचल कला महोत्सव का शुभारम्भ किया। यह महोत्सव 4 से 9 दिसम्बर, 2021 तक भाषा, कला एवं संस्कृति हिमाचल प्रदेश तथा होटल ललित के संयुक्त तत्तावधान में आयोजित किया जा रहा है। यह आयोजन प्रदेश के पूर्ण राज्यत्व की स्वर्ण जयन्ती के अवसर पर वर्षभर आयोजित किए जा रहे कार्यक्रमों का एक हिस्सा है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश ने पिछले 50 वर्षों में विकास की शानदार यात्रा पूर्ण की और हर क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में प्रदेश की उपलब्धियों की राष्ट्रीय स्तर पर सराहना की गई है। उन्होंने दिल्ली के निवासियों से हिमाचल के अद्वितीय प्राकृतिक सौंदर्य और शांत वातारण का आनंद लेने के लिए हिमाचल पधारने का आग्रह किया।
जय राम ठाकुर ने कहा कि कोविड प्रबन्धन के प्रयासों के लिए राज्य की राष्ट्रीय स्तर पर सराहना की गई और कोविड टीकाकरण में भी प्रदेश ने बहुत ही उत्कृष्ट कार्य किया है। हिमाचल प्रदेश ने सभी पात्र लोगों को कोविड वैक्सीन की दोनों खुराकें देने की लक्ष्य प्राप्ति में देशभर में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
मुख्यमंत्री को युवा उद्यमी हरीश नड्डा और केशव सूरी ने हिमाचली टोपी और शाॅल भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर विशेष ओलम्पिक की अध्यक्षा डाॅ. मल्लिका नड्डा विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित थीं। यह आयोजन डाॅ. मल्लिका नड्डा और ललित ग्रुप आॅफ हाॅस्पिटैलिटी की अध्यक्षा डाॅ. ज्योत्सना सूरी की एक पहल है।
डाॅ. मल्लिका नड्डा ने इस आयोजन के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने अतिथियों से हिमाचली कलाकारों को बढ़ावा देने के लिए उन्हें प्रोत्साहित करने का आग्रह किया। उन्होंने चम्बा रूमाल को बढ़ावा देने के लिए दि ललित हाॅस्पिटैलिटी ग्रुप की अध्यक्षा डाॅ. ज्योत्सना सूरी की सराहना की।

Get in Touch

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Related Articles