नगर निगम में आने पर कांग्रेस मुहैया कराएगी शुद्ध पेयजल, तारों का जंजाल हटेगा और नए एसटीपी बनाएंगे
हिमाचल आजकल
शिमला। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने रविवार को शिमला नगर निगम के चुनाव प्रचार में पूरी ताकत झोंकी। उन्होंने आठ वार्ड में कांग्रेस उम्मीदवारों के समर्थन में नुक्कड़ सभाएं की। मुख्यमंत्री ने बेनमोर से चुनाव प्रचार की शुरूआत की।
सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि भाजपा ने अपने शासनकाल में शिमला शहर को गर्त में धकेल दिया। कंकरीट का जंगल खड़ा कर शहर का पारिस्थितिकी संतुलन बिगाड़ा, जिससे शहर की सुंदरता को तो ग्रहण लगा ही जलवायु परिवर्तन की मार भी झेलनी पड़ रही है। नगर निगम की सत्ता संभालने के बाद कांग्रेस शहर की सुंदरता को लौटाएगी। पीने का शुद्ध पानी लोगों को मुहैया कराया जाएगा। तारों के जंजाल से शहर को मुक्ति दिलाएंगे। जरूरत के हिसाब से नए एसटीपी बनाएंगे। हर वार्ड में लोगों की मांग अनुरूप विकास किया जाएगा।
वह दो बार शिमला से पार्षद रहे हैं, इसलिए लोगों की दिक्कतें भलीभांति जानते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि कर्ज के सहारे राज्य को नहीं चला सकते। सरकार के मंत्रियों ने मेरे साथ आय के नए साधन तलाशे हैं। हमने एक ऐसा बजट पेश किया है, जिससे चार साल में प्रदेश की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी। कांग्रेस सरकार का हर काम गारंटी वाला है। केंद्र सरकार कर्मचारियों के एनपीएस के 9000 करोड़ पर कुंडली मारकर बैठी है। कर्ज के बोझ में हम इतना डूब चुके हैं कि सरकार की आय का 22 फीसदी हिस्सा ब्याज चुकाने में ही चला जाता है। केंद्र सरकार हिमाचलियों का हक छीनने में लगी है। वाटर सेस लागू न करने के लिए दिल्ली से चिट्ठियां भेजी जा रही हैं। लेकिन, हम इसे अमलीजामा पहनाकर रहेंगे।

सुखविंदर सिंह सुक्खू हु ने कहा, महंगाई राज्य सरकार के कारण नहीं बढ़ रही। केंद्र सरकार की गलत नीतियों के कारण लोग महंगाई की चक्की में पिस रहे हैं। जिन कर्मचारियों का अभी जीपीएफ खाता नहीं खुला है, उनका अगले महीने खुल जाएगा। उनके खाते में बढ़ा हुआ डीए और एरियर आ जाएगा। भाजपा 40 हजार लीटर मुफ्त पानी मुहैया कराने का वादा कर रही है, जबकि शिमला शहर की जनता भाजपा से पूछ रहे हैं कि जब वह अपनी सरकार में नहीं दे पाए तो कांग्रेस सरकार में कैसे दे पाएंगे। बेनमोर मेरा खुद का वार्ड रहा है। शीनम कटारिया को जिताकर भेजिए, उसके साथ ही मैं भी आपके लिए एक पार्षद की तरह काम करूंगा।
मुख्यमंत्री छोटा शिमला से कांग्रेस उम्मीदवार सुरेंद्र चौहान के लिए pमुख्यमंत्री ने स्ट्रॉबेरी हिल में नुक्कड़ सभा को संबोधित किया।
मुख्यमंत्री ने पंथाघाटी से कांग्रेस उम्मीदवार कुसुम चौहान, कुसुम्पटी से उम्मीदवार लक्ष्मी चौहान, न्यू शिमला से उम्मीदवार कुसुमलता, पटयोग वार्ड से उम्मीदवार दीपक रोहाल, कंगनाधार से उम्मीदवार रामरतन शर्मा, खलीनी से उम्मीदवार चमन प्रकाश, कनलोग से उम्मीदवार आलोक पठानिया और कृष्णानगर से उम्मीदवार विपन सिंह के लिए भी चुनाव प्रचार किया और लोगों से सभी उम्मीदवारों को जिताने की अपील की।


| All Rights Reserved | Website By :