शिक्षा मंत्री ने रखी खारला स्कूल भवन की आधारशिला, 3. 50 करोड़ से होगा तैयार
हिमाचल आजकल
शिमला। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि आगले 5 सालों में क्षेत्र में विकास के नए आयाम स्थापित किए जाएंगे जिसमे लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य, सडक़, पानी, व बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं को मजबूत किया जाएगा। रोहित ठाकुर ने शुक्रवार को नावर क्षेत्र के राजकीय उच्च माध्यमिक पाठशाला खारला स्कूल भवन का शिलान्यास किया।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि राजकीय उच्च माध्यमिक पाठशाला खारला के भवन का निर्माण कार्य पर करीब 3 करोड़ 50 लाख रुपए की राशि खर्च की जाएगी। इसकी प्रशासनिक स्वीकृति प्राप्त की जा चुकी है। स्कूल भवन के निर्माण कार्य पूरा होने से ग्रामीण परिवेश में रहने वाले छात्रों को इसका लाभ प्राप्त होगा। उन्होंने कहा कि स्कूल के पुराने भवन के जीर्णोद्घार के लिए 25 लाख रुपए की राशि जारी की जा चुकी है ताकि भवन का सही उपयोग हो सके।
रोहित ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार ने शिक्षा विभाग में करीब 6 हजार पदों को भरने की मंजूरी प्रदान की है और इन रिक्त पदों की भर्ती प्रक्रिया को जल्द शुरू कर ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षकों की कमी को दूर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बदशालल पुल से खारला तक करीब 6 किलोमीटर की सडक़ को दोबारा पक्का किया जाएगा। इस पर करीब 2 करोड़ रुपए की राशि खर्च होगी।

बॉक्स
शिक्षा मंत्री ने ग्राम पंचायत धराड़ा में लोगों को किया संबोधित
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने ग्राम पंचायत धराड़ा में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में विकास की दृष्टि से किए जाने वाले कार्यों का स्वरूप तैयार किया जा रहा है ताकि विधानसभा क्षेत्र में संतुलित विकास सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि हमारे आर्थिकी में बागवानी का अहम भूमिका है। इस दृष्टि से प्रदेश सरकार ने बागवानों को दवाइयों पर मिलने वाले उपदान को दोबारा बहाल किया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सडक़ों के सुधारीकरण पर किया जाने वाले कार्य को चरणबद्घ तरीके से पूरा किया जाएगा। इस अवसर पर कांग्रेस मंडल अध्यक्ष मोतीलाल डेरटा, उपमंडल दण्डाधिकारी रोहड़ू सन्नी शर्मा, तहसीलदार अनुजा शर्मा, पंचायत प्रधान गीता, बलबीर, डीएफआे रोहड़ू, उप निदेशक शिक्षा राजेश महाजन सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं अधिकारीगण उपस्थित रहे।


| All Rights Reserved | Website By :