शिमला में 55 करोड़ से बिजली की तारें होंगी भूमिगत
हिमाचल आजकल
शिमला। प्रदेश सरकार राज्य में पर्यटन महत्व के स्थलीें के सौन्दर्यीकरण और आधारभूत संरचना को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। पर्यटन स्थलों को विश्व स्तर के अनुरूप तैयार करने के लिए समग्र विकास को प्राथमिकता प्रदान की जा रही है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बुधवार को पर्यटकों व स्थानीय लोगों की सुविधा के लिए शिमला शहर की अधोसंरचना को और मजबूत करने के अलावा इसके विस्तार प्रदान करने के लिए 100 करोड़ रुपये स्वीकृत किए। उन्होंने कहा कि शिमला शहर में 55 करोड़ रुपये की लागत से बिजली तारों को भूमिगत किया जाएगा। इससे शहर में भारी बर्फबारी और प्रतिकूल मौसम के दौरान भी उपभोक्ताआें को निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित होगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के इस प्रयास से शिमला शहर का सौन्दर्यीकरण बढ़ाने के साथ साथ शहर का पुराना स्वरूप बहाल करने में मदद मिलेगी।
ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि शिमला शहर के सर्कुलर रोड के सुधारीकरण और चौड़ा करने के लिए 45 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। इससे सडक़ों पर वाहनों की सुचारू आवाजाही से स्थानीय जनता और पर्यटकों को सुविधा मिलेगी। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को लोगों की सुविधा के लिए सर्कुलर रोड से सभी बाधाओं का निवारण करने के निर्देश भी दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने प्रदेश में पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए विभिन्न योजनाएं शुरू की हैं और पर्यटकों की बढ़ती आमद के मद्देनजर उनकी सुविधा के लिए आवश्यक अधोसंरचना विकसित की जा रही है।
शिमला शहर में अधोसंरचना विकास पर खर्च होंगे 100 करोड़ : सुक्खू
Get in Touch


| All Rights Reserved | Website By :