Sunday, April 12, 2026

शिमला में सर्कुलर रोड पर नवबहार से आईजीएमसी तक बनाई जाएगी 890 मीटर सुरंग: सुक्खू

सुरंग के निर्माण पर खर्च होंगे 295 करोड़ रुपए
हिमाचल आजकल
शिमला। राजधानी में यातायात की समस्या के निवारण के लिए प्रदेश सरकार जाखू पहाड़ी के नीचे नव बहार पेट्रोल पंप के नजदीक से सर्कुलर रोड पर चिकित्सा महाविद्यालय (आईजीएससी) शिमला तक 890 मीटर लंबी डबल लेन सुरंग का निर्माण करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सुरंग का निर्माण 295 करोड़ रुपए की लागत से किया जाएगा, जिसमें से 100 करोड़ रुपए पहले ही जारी किए जा चुके हैं और इस माह के अंत तक निविदा प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिमला शहर में विभिन्न समस्याआें के समाधान के लिए गंभीरता से प्रयास कर रही है, ताकि स्थानीय लोगों के साथ साथ यहां भ्रमण के लिए आने वाले पर्यटकों को बेहतरीन सुविधाएं प्रदान की जा सकें।

उन्होंने लोक निर्माण विभाग को वाहनों का सुचारू आवागमन करने के लिए सर्कुलर रोड़ पर सभी बाधाआें को दूर करने के निर्देश दिए। इसके लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया एक सप्ताह के भीतर शुरू हो जाएगी। उन्होंने कहा कि सर्कुलर रोड़ को चौड़ा व मजबूत करने के लिए 122 करोड़ रुपए आवंटित किए गए हैं। पार्किंग से संबंधित आधारभूत ढांचे को भी सुदृढ़ किया जाएगा तथा 3000 अतिरिक्त वाहनों के लिए पार्किंग सुविधा सृजित की जाएगी।
ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार शिमला शहर में ओवरहेड  तारों को हटाने की योजना पर कार्य कर रही है। इसके लिए विद्युत केबल और ऑप्टिकल फाइबर के लिए भूमिगत डक्ट बिछाई जाएंगी। इस परियोजना के प्रारंभिक चरण में माल रोड, लोअर बाजार और मिडिल बाजार क्षेत्रों पर विशेष रूप से ध्यान केन्द्रित किया जाएगा और लगभग 23 करोड़ रुपये व्यय किए जाएंगे। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को सभी परियोजनाओं में गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि प्रदेशवासियों को लाभान्वित किया जा सके।
बैठक में लोक निर्माण मंत्री विक्रमादिय सिंह, विधायक हरीश जनारथा, प्रधान सचिव देवेश कुमार तथा डा$ अमनदीप गर्ग, मुख्यमंत्री के सचिव राकेश कंवर, प्रमुख अभियंता लोक निर्माण एनके सिंह, प्रधान मुख्य अरण्यपाल, वन, राजीव कुमार तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Get in Touch

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Related Articles