शिक्षा मंत्री ने जुब्बल के सनबीम इंटरनेशनल स्कूल के वार्षिक समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में की शिरकत
हिमाचल आजकल
शिमला। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि शिक्षकों का दायित्व और महत्व समाज निर्माण में सर्वाधिक है। इसलिए उनसे आशा रहती है कि वह अपने दायित्व का पूर्ण निर्वहन करेंगे और बच्चों के बेहतर भविष्य निर्माण में अपना योगदान देंगे।
शिक्षा मंत्री म्रगलवार को जुब्बल क्षेत्र के सनबीम इंटरनेशनल स्कूल के वार्षिक समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस समारोह में स्कूल के बच्चों एवं शिक्षकों के अतिरिक्त अभिभावक व स्थानीय लोग भी उपस्थित रहे। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री ने कहा कि स्कूल का समय खेल कूद और पढ़ाई के लिए होता है और उन्हे इस समय का पूरा लाभ उठाना चाहिए। उन्होंने इस दौरान मेधावी छात्रों को पुरस्त भी किया।
गौरतलब है कि सनबीम इंटरनेशनल स्कूल जुब्बल क्षेत्र का एक बड़ा और प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान है, जहां वर्तमान मे 550 के आसपास विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे है। स्कूली बच्चों ने गणेश वंदना के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की और अंत तक एक से बढक़र एक प्रस्तुतियां दी, इन कार्यक्रमों में मनोरंजन के अतिरिक्त महिलाआें के प्रति होने वाले अपराधों के विषय में जन सामान्य को जागृत करने के उद्देश्य से भी प्रस्तुति दी गयी जिसे दर्शकों और मुख्य अतिथि द्वारा सराहा गया।

गुणात्मक शिक्षा और प्रदेश के हित में लिए अहम निर्णय
रोहित ठाकुर ने बताया कि शिक्षा मंत्री के रूप में उन्हें जो जिम्मेदारी मिली है उसे पूरा करने में वह पूर्ण रूपेण कार्यरत है। गुणात्मक शिक्षा और प्रदेश के हित में कुछ बड़े निर्णय लिए गए हैं जिसके अंतर्गत हजारों की संख्या मे शिक्षकों की भर्ती की जा रही है। 2022 की शुरुआत मे जहां शिक्षकों के 15000 पद रिक्त पड़े थे और 350 स्कूल एेसे थे जहाँ कोई शिक्षक नहीं था, साथ ही 3400 एेसे स्कूल थे जो केवल एक शिक्षक के भरोसे चल रहे थे। सरकार ने शिक्षकों की भर्तियां की, जिसके परिणामस्वरुप बिना शिक्षक स्कूल 350 से घटकर 40 के आसपास रह गए हैं और सिंगल टीचर स्कूलों की संख्या में भी काफी कमी आई है।
नेशनल असेसमेंट सर्वे में निजी स्कूल भी लें हिस्सा
दिसंबर माह में भारत सरकार द्वारा करवाया जाने वाले नेशनल असेसमेंट सर्वे को लकर शिक्षा मंत्री ने सभी निजी स्कूलों से आह्वान किया कि सरकारी स्कूल के साथ-साथ निजी स्कूल भी इस सर्वे में बढ़-चढ़ कर हिस्सा ले, जिससे हिमाचल प्रदेश का प्रदर्शन अच्छा हो। उन्होंने कहा कि जहाँ एक समय शिक्षा के क्षेत्र में हिमाचल पूरे देश में अग्रणी था वहीं पिछले कुछ वर्षों में इसमें बहुत कमी दर्ज की गई है।


| All Rights Reserved | Website By :