Friday, February 27, 2026

विक्रमादित्य सिंह ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से की मुलाकात

भुबुजोत में सुरंग निर्माण का किया आग्रह

हिमाचल आजकल

शिमला। लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की। उन्होंने केंद्रीय मंत्री का 350 करोड़ रुपये की राशि को केंद्रीय सड़क अवसंरचना निधि (सीआरआईएफ) के तहत स्वीकृत करने के लिए आभार व्यक्त किया। यह राशि राज्य में सड़क संपर्क को सुधारने और आर्थिक विकास को बढ़ावा देने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
विक्रमादित्य सिंह ने केंद्रीय मंत्री द्वारा पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के माध्यम से रोपवे परियोजनाओं को वन मंजूरी से छूट देने के लिए भी धन्यवाद किया।
लोक निर्माण मंत्री ने गडकरी से घठासनी-शिलाह-बधानी-भुबुजोत-कुल्लू के बीच वैकल्पिक सड़क निर्माण और भुबुजोत में एक सुरंग के निर्माण का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से एनएच-144 पर दूरी 40 किलोमीटर तक कम होगी। यह परियोजना पर्यटन की दृष्टि से अत्यंत महत्त्वपूर्ण है और इसका सामरिक महत्व भी है। इससे कुल्लू जिले का भ्रमण करने वाले पर्यटकों को बड़ी सुविधा मिल पाएगी।

विक्रमादित्य सिंह ने केन्द्रीय मंत्री से भारत सेतु योजना के तहत 125.57 करोड़ रुपये की लागत से कांगड़ा और हमीरपुर जिलों को जोड़ने वाले ब्यास नदी पर बसंतिपत्तन और खेरी के बीच एक डबल लेन पुल के निर्माण को प्राथमिकता पर मंजूरी देने का भी आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इस विषय को मुख्यमंत्री ने भी अपनी पिछली बैठक में केंद्रीय मंत्री के समक्ष उठाया था।
इसके साथ ही, उन्होंने मंडी जिले में पंडोह-शिवा रोड पर ब्यास नदी पर 19.09 करोड़ की लागत से 110 मीटर लंबा सिंगल लेन स्टील ट्रस मोटरेबल पुल के निर्माण का अनुरोध किया।
उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री श्री नितिन गडकरी ने राज्य को हरसंभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया।

Get in Touch

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Related Articles