हिमाचल आजकल
शिमला। जिला ग्रामीण कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष यशवंत छाजटा ने आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार सोची समझी रणनीति के तहत किसानों व बागवानों की कमर तोडऩे में लगी है। मंहगाई ने किसानों और बागवानों की कमर तोड़ दी है। पहले प्रदेश में कृषि उपकरणों, टीएसआे व स्प्रे अयल की कीमतों को बढ़ाया गया। अब रसायनिक खादों के दामों में बेतहाशा बढ़ोतरी कर दी गई है। उन्होंने कहा कि खाद के साथ कॉपर सल्फेट के दाम भी बढ़ गए हैं। इससे सेब की फसल उगाने की लागत बढ़ जाएगी। उन्होंने कहा कि कॉपर सल्फेट का एक किलों का पैकेट 350 रुपए में मिल रहा है। जबकि पहले यही पैकेट 150 रुपए प्रति किलो मिलता था। उन्होंने कहा कि रसायनिक खादों के दामों में भी 40 फीसदी तक बढ़ोतरी हुई है। सेब में इस्तेमाल होने वाली 12-32-16 रसायनिक खाद के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। किसानों को यह खाद 1450 रुपए तक मिल रही है। पहले यही खाद 1135 रुपए की होती थी। इसी तरह 15:15:15 खाद का एक बैग 170 रुपए तक महंगी हुई है। पहले यह 1180 रुपए में मिलता था अब 1350 रुपए में मिल रहा है।


| All Rights Reserved | Website By :