हिमाचल आजकल
शिमला। शिमला पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अंतरराज्यीय नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई की है। ठियोग और कोटखाई क्षेत्र में चिट्टे की सप्लाई करने वाले मुख्य सप्लायर को पुलिस ने हरियाणा के पिंजौर से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के ठिकाने से 49 ग्राम अतिरिक्त चिट्टा, एक लाख दो हजार पांच सौ रुपये नकद और इलेक्ट्रॉनिक वेटिंग मशीन बरामद की है। इस मामले में अब तक कुल करीब 72 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ है। खास बात यह है कि शिमला पुलिस ने वर्ष 2026 में अब तक बाहरी राज्यों से 94 मुख्य सप्लायर गिरफ्तार किए हैं और 70 अंतरराज्यीय नेटवर्क को ध्वस्त किया है।
एएसपी शिमला सिटी मेहर पंवर ने बताया कि मामले की शुरुआत 12 नवंबर को हुई, जब पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कोटखाई तहसील के रहने वाले 37 वर्षीय पपिल भूषण और 39 वर्षीय सुरेश को गिरफ्तार किया था। दोनों के कब्जे से 23 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ था। इस संबंध में पुलिस थाना ठियोग में 13 नवंबर को एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया।
मामले की जांच के दौरान गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और कॉल डिटेल के विश्लेषण में खुलासा हुआ कि वे ओमकार उर्फ ओमी से फोन के माध्यम से चिट्टा खरीदते थे और इसका भुगतान नकद में करते थे। ओमकार मूल रूप से ठियोग का रहने वाला है और वर्तमान में हरियाणा के पंचकूला जिले के पिंजौर में रह रहा था। मेहर पंवर ने बताया कि पुलिस ने जानकारी जुटाने के बाद पिंजौर में दबिश दी और 15 नवंबर को ओमकार उर्फ ओमी को गिरफ्तार कर लिया। उसके ठिकाने की तलाशी के दौरान 49 ग्राम चिट्टा, एक लाख दो हजार पांच सौ रुपये नकद और इलेक्ट्रॉनिक वेटिंग मशीन बरामद की गई।
जांच में यह भी सामने आया है कि ओमकार के खिलाफ पुलिस थाना ठियोग में वर्ष 2021 में एनडीपीएस एक्ट के तहत दो मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से ठियोग और कोटखाई क्षेत्र में चिट्टे की सप्लाई कर रहा था और हरियाणा में रहकर हिमाचल के युवाओं तक नशा पहुंचा रहा था। एएसपी शिमला सिटी मेहर पंवर ने बताया कि शिमला पुलिस की कार्रवाई अब केवल स्थानीय स्तर पर नशे की खेप पकड़ने तक सीमित नहीं है, बल्कि बैकवर्ड लिंकेज के जरिए नशे के मुख्य सप्लायरों और अंतरराज्यीय नेटवर्क तक पहुंचकर उन्हें ध्वस्त किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2026 में अब तक 94 मुख्य सप्लायरों को विशेष अभियान के तहत बाहरी राज्यों से गिरफ्तार किया गया है, जबकि वर्ष 2025 में ऐसे केवल 8 और वर्ष 2024 में 15 मुख्य सप्लायर गिरफ्तार किए गए थे। इसी तरह बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर वर्ष 2026 में अब तक 70 अंतरराज्यीय नेटवर्क को ध्वस्त कर उनके खिलाफ कार्रवाई की गई है। इसकी तुलना में वर्ष 2025 और 2024 में केवल 4-4 नेटवर्क पर ही ऐसी कार्रवाई हो पाई थी।


| All Rights Reserved | Website By :