पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्रीय ऊर्जा सुरक्षा के लिए ऊर्जा संरक्षण आवश्यकः राज्यपाल
हिमाचल आजकल
शिमला। राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने शुक्रवार को सतलुज जल विद्युत निगम (एसजेवीएन) द्वारा ऊर्जा संरक्षण पर राष्ट्रीय जागरूकता अभियान के अंतर्गत आयोजित राज्य स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता-2026 के विजेताओं को सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण, प्रदूषण कम करने और देश की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए ऊर्जा संरक्षण अत्यंत आवश्यक है।
राज्यपाल ने पुरस्कार वितरण समारोह को संबोधित करते हुए हिमाचल प्रदेश में पिछले 21 वर्षों से स्कूली विद्यार्थियों के बीच ऊर्जा संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विद्युत मंत्रालय, भारत सरकार, ऊर्जा दक्षता ब्यूरो (बीईई) और एसजेवीएन के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस वर्ष प्रतियोगिता के प्रथम चरण में कक्षा पांचवीं से सातवीं तथा आठवीं से दसवीं तक के 2,38,548 विद्यार्थियों ने भाग लिया, जो युवा विद्यार्थियों में बढ़ती पर्यावरणीय जागरूकता को दर्शाता है।
उन्होंने ऊर्जा के सत्त उपयोग के महत्व पर बल देते हुए कहा कि ऊर्जा आधुनिक विकास का आधार है, लेकिन इसका विवेकपूर्ण उपयोग भी उतना ही महत्वपूर्ण है। हमारी दिनचर्या में किए गए छोटे-छोटे बदलाव राष्ट्रीय स्तर पर बड़ा परिवर्तन ला सकते हैं। उन्होंने कहा कि ‘ऊर्जा बचाएं, भविष्य सुरक्षित बनाएं’ और ‘बीईई स्टार लेबल की विशेषताएं, मजबूत ऊर्जा सुरक्षा’ जैसे विषय समाज को महत्वपूर्ण संदेश देते हैं।


| All Rights Reserved | Website By :