हिमाचल आजकल
शिमला। कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता अलका लांबा ने कहा कि देशभर की
जनता महंगाई की मार त्रस्त है। वहीं भाजपा अपने स्थापना दिवस के जश्न मना रही है। हाल में हुए पांच राज्यों में भाजपा को मिली जीत के बाद उसने देशभर की जनता को महंगाई का तोहफा दिया है। उनका कहना है कि पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस के दाम तो लगातार बढ़ ही रहे हैं। किसानों पर खादों और रासायनिक उत्पादों के दाम बढ़ाकर उन्हें भी परेशान किया गया है। उन्होंने कहा कि आज हर क्षेत्र में कीमतें बढ़ी हैं और सरकार चुपचाप तमाशा देख रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस महंगाई के मुद्दे पर आम जनता के साथ खड़ी थी, खड़ी है और खड़ी रहेगी। वे शनिवार को शिमला में पत्रकारों से बात कर रही थी। अलका लांबा ने कहा कि केंद्र सरकार ने 62 करोड़ किसानों पर कर का बोझ लादा है। खाद और खेती में प्रयोग होने वाले रसायनों के दामों में बढ़ोतरी कर उन पर आर्थिक बोझ डाल दिया है। उनका कहना है कि मोदी सरकार ने पेट्रोल और डीजलों के दामों में 15 दिनों में ही 9$20 रुपए की बढ़ोतरी की है। पेट्रोल और डीजल पर एक्साइज डयूटी से ही मोदी सरकार ने अपने कार्यकाल में 26 लाख करोड़ रुपए का राजस्व जुटाया है। आज एलपीजी के दाम पूरे विश्व में भारत में सबसे अधिक हैं। कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा कि विश्व में सबसे अधिक बेरोजगारी भी भारत में ही हैं। देश की डूबती अर्थव्यवस्था से यहां हालात और खराब हो रहे हैं। कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा हिमाचल आए हैं और अपने राज्य में ही उनका स्वागत हो रहा है। उन्होंने तंज कसा कि लगता है कि नड्डा अब दिल्ली के हो गए हैं और तभी यहां पर स्वागत किया जा रहा है, वरना अपने गृह राज्य में कौन स्वागत करता है।
चुनाव खत्म होते के बढ़े पेट्रोल व डीजल के दाम
अलका लांबा ने कहा कि हिमाचल में हुए उपचुनाव में भाजपा को मिली करारी हार के बाद केंद्र सरकार ने पेट्रोल और डीजलों के दाम कम किए थे। लेकिन जैसे ही पांच राज्यों के चुनाव परिणाम आए, इनके दाम फिर से बढऩे लगे। उन्होंने कहा कि एक तरफ सरकार कहती है कि दाम कंपनियां तय करती हैं तो कैसे चुनाव तक इनमें कोई बढ़ोतरी नहीं हुई और चुनाव खत्म होने के बाद एकदम से बढ़ोतरी होने लगी।


| All Rights Reserved | Website By :