हिमाचल आजकल
शिमला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा को आड़े हाथ लेते हुए कहा है कि वह प्रदेश में आकर कांग्रेस पर किसी भी प्रकार की टिप्पणी न करें। कांग्रेस को उनसे किसी प्रमाण पत्र की जरूरत नहीं है। कांग्रेस का इस देश मे बहुत बड़ा इतिहास है जिसने आजादी से लेकर देश के नव निर्माण में बहुत बड़ी भूमिका निभाई है। वे मंगलवार को शिमला में पत्रकारों से बात कर रहे थे।
उन्होंने भाजपा से पूछा कि वह बताए की उनका और आरएसएस का देश की आजादी और इसके निर्माण में क्या योगदान रहा है। कांग्रेस ने अपने शासनकाल के दौरान जितने भी संस्थान बनाए आज मोदी की सरकार उन्हें एक एक कर बेचने में लगी है। राठौर ने नड्डा के कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी व उनके परिवार पर की गई टिप्पणी पर कड़ा एतराज जताते हुए कहा कि सोनिया गांधी उस परिवार की बहू है जिसने देश की एकता और अंखडता के लिए अपने प्राणों की कुर्बानी दी है। उन्होंने कहा कि भाजपा को किसी ने यह अधिकार नहीं दिया है कि वह इस परिवार पर कोई टिका टिप्पणी करें। कांग्रेस इसे सहन करने वाली नहीं है।
विधानसभा चुनाव में जीत हासिल करेगी कांग्रेस
कुलदीप राठौर ने कहा कि प्रदेश में चार जीरो से चुनाव हारी भाजपा इस साल होने वाले विधानसभा चुनावों में जीत के मुंगेरीलाल के हसीन सपने देख रही है। कांग्रेस नगर निगम शिमला के चुनावों में भी जीत हासिल करेगी और विधानसभा चुनावों में भी जीत का परचम लहराएगी। उनका कहना है कि भाजपा वह मुद्दों पर कोई बात नही करती। भाजपा धुर्वीकरण और छदम वाद की राजनीति कर लोगों को मुद्दों से भटकाने का प्रयास करती रही है। बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी भाजपा को कोई मुद्दा नहीं है।


| All Rights Reserved | Website By :