विपक्ष की आवाज दबाने के लिए ईडी व सीबीआई का सहारा ली रही केंद्र सरकार : सुक्खू
हिमाचल आजकल
शिमला। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी को ईडी के समन के विरोध में प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने वीरवार को प्रवर्तन निदेशालय के समक्ष जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों सहित कांग्रेस विधायकों, पूर्व विधायकों, जिला अध्यक्षों, ब्लक अध्यक्षों अग्रणी संगठनों के पदाधिकारियों ने प्रदर्शन करते हुए केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए छोटा शिमला से ईडी कार्यालय तक जलूस भी निकाला।
ईडी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन को सम्बोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने केंद्र की मोदी सरकार पर लोकतंत्र की हत्या करने व संवेधानिक संस्थाओं के दुरुपयोग करने का आरोप लगाया है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि देश मे भाजपा ने ईडी,सीबीआई व इनकम टैक्स जैसी संस्थाओं का हरण करते हुए इन्हें अपने प्रकोष्ट की तरह चला रही है।
इस अवसर पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव प्रदेश मामलों के सह प्रभारी संजय दत्त ने केंद्र की मोदी सरकार पर आरोप लगाया कि वह लोगों की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी, राहुल गांधी भाजपा की जन विरोधी नीतियों का विरोध करते है,एेसे में उनके ऊपर झूठे मामलें बनाये गए है। उन्होंने कहा कि शिमला में आज के इस विरोध प्रदर्शन में सेंकडों लोगों की उपस्थिति ने साबित कर दिया है कि आने वाला समय कांग्रेस का है और इसकी शुरुआत हिमाचल से ही होगी।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता कुलदीप सिंह राठौर ने मोदी सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि सोनिया गांधी, राहुल गांधी पर झूठे मामलें बनाना भाजपा को बहुत महंगे साबित होंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सर्वोच्च नेता सोनिया गांधी को बदनाम करने के लिये उनपर झूठे मामलें बनाए गए है जिसे कभी सहन नहीं किया जा सकता।
प्रदेश कांग्रेस प्रचार समिति के अध्यक्ष विधायक सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि उनकी नेता सोनिया गांधी त्याग की एक मूर्ति है और उनका अपमान कांग्रेस का ही नहीं देश का अपमान है। भाजपा एक सोची समझी साजिश के तहत कांग्रेस नेताओं को बदनाम करने की कोशिश कर रही है जिसे कांग्रेस कभी सहन नही करेगी। सुक्खू ने आरोप लगाया कि भाजपा चुनाव जीतने के लिए ईडी,सीबीआई इनकम टैक्स को हथियार के तौर पर विपक्ष को दबाने का प्रयास कर रही है।

इस मौके पर नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्रिहोत्री ने कहा कि अब प्रदेश में जयराम सरकार का जाने का समय आ गया है। प्रदेश में चार उप चुनावों में कांग्रेस की शानदार जीत ने मोदी सरकार को प्रदेश के लोगों ने पहला झटका दिया था,अब दूसरा झटका विधानसभा चुनावों में भाजपा को लोग सत्ता से बाहर कर देंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा एक डूबता जहाज है जिसके नेता अब भागने की फिराक में है।
कांग्रेस विधायक रोहित ठाकुर ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा अपने किसी भी हथकंडे में सफल नहीं होगी। उन्होंने कहा कि देश व प्रदेश की पूरी कांग्रेस गांधी परिवार के साथ खड़ी है। सच्चाई की हमेशा जीत हुई है इसलिए इस मामलें में भी गांधी परिवार की जीत होगी।
कांग्रेस विधायक विक्रमादित्य सिंह ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वह अलोकतांत्रिक ताकतों के खिलाफ एक लंबी लड़ाई लडऩे को तैयार हो जाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी के बीमार होने के बाबजूद ईडी का उन्हें आज बुलाया जाना बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है। इस प्रर्दशन में कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष हर्ष महाजन,विनय कुमार,पवन काजल, विधायक डा. कर्नल धनीराम शांडिल,हर्षवर्धन चौहान,मोहन लाल ब्राक्टा,इंद्रदत्त लखनपाल,संजय अवस्थी,आशीष बुटेल सहित पार्टी के सभी पदाधिकारी,जिला अध्यक्ष व ब्लक अध्यक्ष अन्यों के अतिरिक्त मौजूद थे।


| All Rights Reserved | Website By :