हिमाचल आजकल
शिमला। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष व सुजानपुर के विधायक राजेंद्र राणा ने केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकारों पर किसान व बागवान विरोधी होने का आरोप लगाते हुए कहा है कि भाजपा के कार्यकाल में जिस तरह इन दोनों वर्गों को सडक़ों पर उतरना पड़ा है , उससे भाजपा का किसान व बागवानी विरोधी चेहरा बेनकाब हो गया है।
उन्होंने कहा कि पहले केंद्र की भाजपा सरकार ने देश के चंद कारपोरेट घरानों को खुश करने के लिए किसानों को महीनों तक सडक़ों पर धरना प्रदर्शन के लिए मजबूर किया , जिसमें बड़ी संख्या में किसानों को शहादत भी देनी पड़ी और अब प्रदेश की भाजपा सरकार ने लगातार बागवान विरोधी रवैया अख्तियार कर रखा है। उन्होंने कहा कि इतिहास इस बात का साक्षी है कि प्रदेश में भाजपा सरकारों का कार्यकाल हमेशा से किसान और बागवान विरोधी रहा है।
राजेंद्र राणा ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में बीते दो सालों से लगातार सेब की पैकिंग सामग्री में अप्रत्याशित 40 से 50 प्रतिशत की वृद्घि की गई हैं और पिछले वर्ष के मुकाबले इस बार कार्टन में 8 से 10 रुपए और ट्रे के दाम में प्रति बंडल 200 से 300 रुपए की अप्रत्याशित बढ़ोतरी की गई है। जिसने बागवानों की कमर तोडक़र रख दी है। यही वजह है कि आउट सोर्स कर्मियों व कर्मचारियों के साथ साथ अब बागवान भी सडक़ों पर उतरने के लिए मजबूर हो गए हैं।


| All Rights Reserved | Website By :