Sunday, April 12, 2026

मुख्यमंत्री ने चंबा से राज्य स्तरीय प्रगतिशील हिमाचल स्थापना के 75 वर्ष कार्यक्रम का शुभारम्भ किया

 मुख्यमंत्री ने मिंजर महोत्सव चम्बा को अन्तरराष्ट्रीय दर्जा देने की घोषणा की

हिमाचल आजकल

शिमला। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने  ऐतिहासिक चम्बा चौगान से हिमाचल प्रदेश के गठन के 75 वर्षों के उपलक्ष्य पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम प्रगतिशील हिमाचल-स्थापना के 75 वर्ष का शुभारम्भ किया। इस एेतिहासिक अवसर पर लोगों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सुखद संयोग है कि इस वर्ष देश अपनी आजादी के 75 वर्ष का उत्सव मना रहा है और साथ ही हिमाचल प्रदेश भी अपने गठन के 75 वर्ष मना रहा है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश ने इन 75 वर्षों में सभी क्षेत्रों में अतुलनीय विकास और प्रगति की है जिसका श्रेय प्रदेश के प्रत्येक मेहनतकश और ईमानदार व्यक्ति को जाता है। विभिन्न बाधाओं के बावजूद, हिमाचल प्रदेश को देश के सबसे प्रगतिशील राज्यों में से एक बनाने के लिए प्रदेशवासियों ने पूर्ण समर्पण और प्रतिबद्घता के साथ काम किया। मुख्यमंत्री ने मिंजर महोत्सव के अवसर पर इस उत्सव को अंतरराष्ट्रीय दर्जा देने की भी घोषणा की। उन्होंने चम्बा चौगान के सौंदर्य को और अधिक निखारने के लिए यहां रोशनी की उचित व्यवस्था करने की भी घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने राज्य की विकासात्मक यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश ने सभी क्षेत्रों में अभूतपूर्व विकास किया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 1948 में राज्य की प्रति व्यक्ति आय मात्र 240 रुपए थी, जो अब बढक़र  2,01,873 रुपये हो गई है। राज्य का सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) जो वर्ष 1948 में 27 करोड़ रुपए था अब बढक़र 1,75,173 करोड़  हो गया है। उन्होंने कहा कि राज्य की साक्षरता दर आज 83 प्रतिशत हो गई है, जो वर्ष 1948 में मात्र 4$8 प्रतिशत थी। उन्होंने कहा कि राज्य में कृषि उत्पादन 954 मीट्रिक टन से बढक़र 1500 मीट्रिक टन और खाद्यान्न उत्पादन वर्ष 1948 में 1.99 लाख मीट्रिक टन था, जो बढक़र 15.14 लाख मीट्रिक टन हो गया है।

जयराम ठाकुर ने सडक़ों को पहाड़ी प्रदेश की जीवन रेखाआें की संज्ञा देते हुए कहा कि हिमाचल के गठन के समय राज्य में केवल 228 किलोमीटर सडक़ें थीं और आज राज्य में 39,354 किलोमीटर से अधिक लम्बी सडक़ें हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी द्वारा आरम्भ की गई प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना (पीएमजीएसवाई) ने ग्रामीण सम्पर्क सुनिश्चित करने में एक प्रमुख भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि राज्य में पीएमजीएसवाई के तहत लगभग 20,000 किलोमीटर सडक़ें निर्मित की गई हैं। उन्होंने कहा कि चम्बा जिले में गठन के समय केवल 48 किलोमीटर लम्बी सडक़ें थीं, जबकि आज जिले में 2,660 किलोमीटर से अधिक लम्बी सडक़ें हैं।

उन्होंने ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार ने अपना साढ़े चार वर्ष का कार्यकाल पूर्ण कर लिया है और इस अवधि में राज्य का संतुलित और चहुंमुखी विकास सुनिश्चित किया है। उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि विपक्षी नेता बेबुनियाद मुद्दों को उठा रहे हैं और चुनाव को देखते हुए लोगों को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार जरूरतमंदों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन प्रदान करने पर प्रति वर्ष 1300 करोड़ रुपये से अधिक व्यय कर रही है, जबकि पिछली राज्य सरकार द्वारा केवल 400 करोड़ खर्च किए गए थे। उन्होंने कहा कि हिमकेयर, सहारा योजना, गृहिणी सुविधा योजना और शगुन योजना ने जरूरतमंदों और गरीबों को बहुत आवश्यक राहत प्रदान की है।

जय राम ठाकुर ने सदियों से ऐतिहासिक मिंजर महोत्सव को पूरे उत्साह एवं परम्परागत ढंग से मनाने के लिए राज्य के लोगों और विशेष रूप से चंबा जिले के सभी निवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि मिंजर महोत्सव हिंदू-मुस्लिम एकता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी आज अपने मन की बात कार्यक्रम में राज्य में मनाए जाने वाले चम्बा मिंजर, सायर मेले और जागरा मेले का विशेष उल्लेख किया। उन्होंने मिंजर के अवसर पर राज्य की जनता को बधाई भी दी। उन्होंने कहा कि यह राज्य और यहां के लोगों के प्रति प्रधानमंत्री के स्नेह एवं उनकी उदारता को दर्शाता है।

इससे पहले  मुख्यमंत्री ने 13.68 करोड़ रुपये लागत की भरेड़ी, सिल्लाघराट सडक़ के उन्नयन कार्य, 3.24 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित जिला रोजगार कार्यालय चम्बा के मडल कैरियर सेन्टर भवन, 80 लाख रुपये की लागत के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र धुलाड़ा के भवन का उद्घाटन और चम्बा में 3.50 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के कर्मचारियों के लिए आवासीय भवनों का शिलान्यास किया।   

Get in Touch

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Related Articles