देश के निर्माण व विकास में कांग्रेस का अहम योगदान : इंदु वर्मा
हिमाचल आजकल
शिमला। भाजपा से कांग्रेस में शामिल हुई इंदु वर्मा ने शिमला में शक्ति प्रदर्शन किया। इंदु वर्मा बुधवार को लाव लश्कर के साथ कांग्रेस भवन शिमला पहुंची। इस दौरान भारी संख्या में ठियोग कुमारसेन से समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया। इंदु वर्मा ने ने कांग्रेस कार्यालय में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह से मुलाकात की। पिछले दिनों दिल्ली में कांग्रेस ज्वाइन करने के बाद इंदु वर्मा पहली बार कांग्रेस कार्यालय पहुंची।
इस अवसर पर इंदु वर्मा ने कहा कि देश व प्रदेश को विकास के मामलें में कांग्रेस की नीतियां ही आगे ले जाने में सक्षम है। कांग्रेस के कार्यो पर उंगली उठाने से पहले उन राजनैतिक दलों को अपना इतिहास देख लेना चाहिए,जो आज देश व प्रदेश में राज कर रहें है। उनका कहना है कि कांग्रेस के इस देश के निर्माण और विकास के योगदान को कभी नही भुलाया जा सकता। देश के इतिहास को न तो मिटाया जा सकता है और न ही इसे बदला जा सकता है। इस दौरान ठियोग कुमारसेन से भारी संख्या में आए कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं व कार्यकर्ताओं ने इंदु वर्मा का ढोल नगाड़ों सहित फूल मालाएं पहना कर स्वागत किया।

इंदु वर्मा के कांग्रेस में शामिल होने से मिलेगी मजबूती : प्रतिभा सिंह
इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सांसद प्रतिभा सिंह ने कहा कि इंदु वर्मा की पृष्ठभूमि कांग्रेस विचारधारा की रही है। इंदु वर्मा व उनके पति स्व. राकेश वर्मा एनएसयूआई की छात्र राजनीति से आए है। उन्होंने कहा कि इंदु वर्मा और उनके परिवार के कांग्रेस में शामिल होने पार्टी को मजबूती मिलेगी। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि ठियोग हमेशा से ही कांग्रेस का गढ़ रहा है। इस क्षेत्र से कांग्रेस की वरिष्ठ नेता विद्या स्टक्स ने लंबे समय तक प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने कहा कि उनका इस क्षेत्र के विकास में उल्लेखनीय योगदान को कभी नहीं भुलाया जा सकता। प्रतिभा सिंह ने इंदु वर्मा के समर्थकों का आह्वान किया कि वह कांग्रेस की मजबूती के लिये एकजुट होकर कार्य करें। उन्होंने कहा कि उन पर बहुत बड़ी जिम्मेदारी है,जिसे उन्हें पूरा करना है। इस अवसर पर कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष हर्ष महाजन, विधायक रामलाल ठाकुर, रोहित ठाकुर, अनिरुद् सिंह,नंदलाल ठाकुर,मोहनलाल ब्राक्टा,विक्रमादित्य सिंह, जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण के अध्यक्ष अतुल शर्मा ने विशेष तौर पर शिरकत की।
ठियोग कुमारसेन के कांग्रेस नेता रहे नदारद
इंदु वर्मा के कांग्रेस में शामिल होने के बाद ठियोग कुमारसेन में गुटबाजी खुल कर सामने आ रही है। बुधवार को कांग्रेस कार्यालय में आयोजित समारोह से ठियोग कुमारसेन कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने किनारा किया है। प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर, कांग्रेस उपाध्यक्ष केहर सिंह खाची व ठियोग कुमारसेन से पिछला विधानसभा चुनाव लड़ चुके दीपक राठौर के अलावा मंडल अध्यक्ष नरेंद्र कंवर इस अवसर पर नदारद रहे। इससे साफ जाहिर हो गया कि ठियोग कुमारसेन कांग्रेस में अब बागवात के सुर उभरने लगे है।


| All Rights Reserved | Website By :