नावर में लोक निर्माण विभाग का डिविजन खोलने पर विचार किया जाएगा
हिमाचल आजकल
शिमला। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने जुब्बल नावर कोटखाई क्षेत्र शिक्षण संस्थान स्वास्थ्य सुविधाओं में अव्वल है। विकास की गति को क्षेत्र में और तेज किया जाएगा।उन्होंन कहा कि नावर क्षेत्र की प्रमुख मांग लोक निर्माण विभाग का डिविजन खोलने पर विचार किया जाएगा। जुब्बल कोटखाई नावर क्षेत्र में संपर्क मार्गों के नेटवर्क को मजबूत बनाया जाएगा, जिससे लघु व सीमांत बागवानों एवं किसानों की आर्थिकी को संबल प्रदान हो। शिक्षा मंत्री ने सोमवार को जुब्बल कोटखाई विधानसभा क्षेत्र के नावर क्षेत्र टिक्कर में नागरिक अभिनंदन कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि टिक्कर में आईटीआई भवन निर्माण कार्य को जून माह तक पूरा कर दिया जाएगा और स्थानीय युवाआें के लिए आधुनिक ट्रेड उपलब्ध करवाए जाएंगे। जिससे वैश्विक प्रतिस्पर्धा के युग में युवाआें का कौशल विकास संभव हो सके। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के युवाआें को आईटीआई जुब्बल, कोटखाई व अटल बिहारी वाजपेयी तकनीकी संस्थान प्रगति नगर में आधुनिक ट्रेड उपलब्ध करवाएं जाएंगे ताकि उन्हें रोजगार के साधन व आय वृद्घि में मदद मिल सके।

रोहित ठाकुर ने कहा कि इस क्षेत्र में पर्यटन की अपार संभावनाएं है और युवाआें को घर द्वार पर रोजगार के साधन उपलब्ध हो सकते हैं। उन्हें स्वरोजगार के लिए सस्ते ऋण की सुविधा भी उपलब्ध करवाई जाएगी।
इससे पहले शिक्षा मंत्री ने नावर क्षेत्र में पुजारली नंबर 4 पंचायत में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला का निरीक्षण किया और प्रधानाचार्य से विद्यालय की स्थिति की बारे में जानकारी प्राप्त की। इसके बाद शिक्षा मंत्री ने टिक्कर विश्राम गृह में जन समस्याएं भी सुनी और मौके पर ही उनका निवारण किया। इससे पूर्व स्थानीय प्रधान सुषमा टेगटा ने मुख्यातिथि का स्वागत किया और उन्हें क्षेत्र की समस्याआें से अवगत करवाया।
इस अवसर पर जुब्बल नावर कोटखाई मंडलाध्यक्ष मोती लाल डेरटा, वरिष्ठ कार्यकर्ता राजेन्द्र रांटा, जुब्बल नावर कोटखाई अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के अध्यक्ष मुनी लाल, एसडीएम रोहडू सन्नी शर्मा, उप पुलिस अधीक्षक रोहडू चमन शर्मा, युवा कांग्रेस के पदाधिकारी ओर अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित थे।


| All Rights Reserved | Website By :