शिक्षा मंत्री ने किया झगटान-गोलचु-गरली-कोठू सडक़ का भूमि पूजन
हिमाचल आजकल
शिमला,। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि जुब्बल नावर कोटखाई विधानसभा क्षेत्र में सडक़ों के लिए विभिन्न मदों के तहत 250 करोड़ रुपए की स्वीकृति मिली है। इससे क्षेत्र की सडक़ों का जीर्णोद्घार होगा। विधानसभा के उपचुनाव के बाद बीते 2 साल के भीतर जुब्बल नावर कोटखाई की 66 सडक़ों को पास किया गया है। शिक्षा मंत्री ने वीरवार को जुब्बल उपमंडल के तहत झगटान-गोलचु-गरली-कोठू सडक़ के उन्नयन व चौड़ीकरण कार्य का भूमि पूजन किया। 6 किलोमीटर लंबी सडक़ का निर्माण कार्य 9 करोड़ 36 लाख से पूरा होगा। शिक्षा मंत्री ने कहा कि यह सडक़ विधायक प्राथमिकता के तहत नाबार्ड से अनुमोदित हुई है। सडक़ की टेंडर प्रक्रिया जल्द ही पूर्ण कर कार्य को आरंभ किया जाएगा ताकि क्षेत्र के लोगों को इसका लाभ प्राप्त हो सके।
शिक्षा मंत्री ने कहा किइस बार भारी आपदा से क्षेत्र की अधिकतर सडक़ों को नुकसान हुआ था। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के सहयोग से इन सडक़ों को बहाल कर सेब सीजन का सफल निष्पादन किया गया।
उन्होंने कहा कि बागवानों के हितों के अनुरूप इस वर्ष सेब को किलो के हिसाब से बेचा गया,

जिसके दूरगामी परिणाम देखने को मिलेंगे। बागवानों को फुफुंदनाशक व कीटनाशक पर मिलने वाली सब्सिडी को भी बहाल किया गया। वही समर्थन मूल्य में सर्वाधिक डेढ़ रुपए की बढ़ोतरी की गई।
रोहित ठाकुर ने कहा कि झगटान क्षेत्र के लिए उठाऊ पेयजल योजना का निर्माण कार्य प्रगति पर है। योजना का निर्माण कार्य अगले साल 31 मार्च से पहले पूरा कर लोगों को समर्पित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि झगटान आयुर्वेदिक डिस्पेंसरी के जीर्णोद्धार के लिए जल्द ही टेंडर किया जाएगा ताकि इसका लाभ यहां के लोगों को मिल सके। उन्होंने झगटान स्कूल के लिए खेल मैदान व बाउंड्री वॉल निर्माण के लिए संबंधित अधिकारियों को डीपीआर तैयार करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष मोतीलाल डेरटा, जिला परिषद सदस्य कौशल मूंगटा, स्थानीय पंचायत प्रधान नीता नेगी, बीडीसी सदस्य विद्या डोगरा, उपमंडल दंडाधिकारी राजीव संख्यान, सहित अन्य लोग व अधिकारी उपस्थित रहे।


| All Rights Reserved | Website By :