शिमला संसदीय क्षेत्र के जिला अध्यक्षों व अग्रणी संगठनों के प्रमुखों की बैठक आयोजित
हिमाचल आजकल
शिमला। शिमला संसदीय क्षेत्र के चुनाव प्रभारी शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने पार्टी जिलाध्यक्षों व अग्रणी संगठनों से प्रदेश में होने जा रहें लोकसभा व विधानसभा चुनावों के लिए कमर कसने का आह्वान करते हुए कहा है कि शिमला संसदीय सीट पर इस बार हर हाल में जीत हासिल करनी है। उन्होंने कहा कि शिमला संसदीय क्षेत्र कांग्रेस का प्रमुख गढ़ रहा है।
आज प्रदेश कांग्रेस कार्यलय राजीव भवन में शिमला संसदीय क्षेत्र के जिला अध्यक्षों व अग्रणी संगठनों के प्रमुखों की एक बैठक की अध्यक्षता करते हुए रोहित ठाकुर ने कहा कि इस क्षेत्र के भाजपा सांसद अपने कार्यकाल में अपने क्षेत्र की जनता से बहुत दूर रहें। लोग उनकी शक्ल तक भूल गए है। उन्होंने कहा कि अब चुनाव के समय वह जनता के बीच जा कर अपने को लोगों से वोट देने की दुहाई कर रहें है। उन्होंने कहा कि अपने पांच साल के इस कार्यकाल में उनका इस क्षेत्र में विकास के नाम पर कोई भी योगदान नही रहा।

रोहित ठाकुर ने कहा कि जिला अध्यक्ष व अग्रणी संगठन पार्टी के बहुत ही महत्वपूर्ण अंग है। उन्होंने कहा कि जिला अध्यक्षों को अपने सभी ब्लॉक अध्यक्षों के साथ पूरे तालमेल के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि उन्हें सभी ब्लॉकों के दौरे कर ,बूथ व बीएलओ के साथ सीधा संपर्क रखना होगा। उन्होंने कहा कि इसी प्रकार अग्रणी संगठनों के सभी प्रमुखों व पदाधिकारियों को भी पूरे तालमेल से कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में कांग्रेस की मजबूत सरकार बनी है। उन्होंने कहा कि सरकार के एक साल की उपलब्धियां व कर्मचारियों को ओपीएस के साथ महिलाओं को 1500 रुपए देने की गारंटी को सरकार ने पूरा किया है और इन्ही बातों को लेकर पार्टी को जनता के बीच जाना होगा।
रोहित ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में होने वाले लोकसभा व विधानसभा के उप चुनाव हम सबकी एक परीक्षा है जिसमें हमे हर हाल में सफल होना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में विधानसभा के उप चुनाव भाजपा की देन है।सत्ता की लालसा के कारण भाजपा ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार को अस्थिर करने की कोशिश की है, भाजपा को इन चुनावों का खामियाजा भुगतना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकसभा की चारों व विधानसभा की सभी सीटों पर अपनी जीत का परचम लहरायेगी। लोग भाजपा का असली चेहरा जान व देख चुके है उन्हें इन चुनावों में करारी हार का मुंह देखना पड़ेगा।


| All Rights Reserved | Website By :