मुख्यमंत्री ने केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री से मुलाकात की
हिमाचल आजकल
शिमला। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश में जल क्रीड़ा गतिविधियों को बड़े पैमाने पर बढ़ावा दिया जा रहा है। भाखड़ा और पौंग बांध में जल क्रीड़ा संबंधी गतिविधियों की अपार संभावना है। उन्होंने केंद्र सरकार से प्रदेश में नए और एकीकृत पर्यटन स्थल विकसित करने के लिए केंद्र सरकार से सहयोग का आग्रह किया। उन्होंने केंद्रीय मंत्री से केंद्र प्रायोजित योजनाआें के लिए प्रदेश को सहयोग प्रदान करने का भी आग्रह किया। मख्यमंत्री ने वीरवार को नई दिल्ली में केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत से शिष्टाचार मुलाकात की।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को इस संबंध में शीघ्र ही विस्तृत परियोजना रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री से जिला कांगड़ा के देहरा में आरोग्य केंद्र और हेल्थ रिजर्ट तथा जिला बिलासपुर के औहर में एकीकृत पर्यटन परिसर के निर्माण के लिए सहयोग करने का भी आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में सतत् विकास और पर्यटन को बढ़ावा प्रदान करने के लिए प्रतिबद्घ है। प्रदेश में पर्यटकों की सुविधा के लिए बुनियादी अधोसंचरना के विकास और संपर्क सुविधा के विकास पर विशेष बल दिया जा रहा है। कांगड़ा एयरपोर्ट को विस्तार प्रदान करने के साथ-साथ राज्य के सभी जिला मुख्यालयों में हेलीपोर्ट निर्मित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पर्यटन को विस्तार प्रदान करने के उद्देश्य से नए पर्यटन स्थलों को विकसित करने पर भी विचार किया जा रहा है। सुक्खू ने कहा कि स्वदेश दर्शन 2$0 के तहत पौंग बांध जलाशय को पर्यटन स्थल के रूप में चयनित किया गया है। उन्होंने पर्यटन परियोजना के क्रियान्वयन के लिए शीघ्र धनराशि प्रदान करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि प्रसाद योजना के अंतर्गत चिंतपूर्णी मंदिर परिसर को विकसित करने के लिए एक संशोधित विस्तृत परियोजना रिपोर्ट केंद्र सरकार को भेजी गई है।


| All Rights Reserved | Website By :