Sunday, March 1, 2026

शिक्षा विभाग में 15 हजार पदों को भरा जाएगा : रोहित ठाकुर

शिक्षा मंत्री ने किया चनैर स्कूल के मेहर सिंह चौहान ब्लॉक का लोकार्पण
हिमाचल आजकल
शिमला। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने आज  चौपाल विधानसभा क्षेत्र के तहत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चनैर के नवनिर्मित विद्यालय ब्लॉक का लोकार्पण किया। नवनिर्मित ब्लॉक का निर्माण ठियोग के पूर्व विधायक मेहर सिंह चौहान की याद में उनके परिवार द्वारा किया गया है।
इस अवसर पर शिक्षा मंत्री ने कहा कि मनीषा चौहान फाउंडेशन की अध्यक्ष व समाजसेवी मनीषा चौहान और उनके परिवार की यह एक अहम पहल है। भवन के निर्माण से यहां के छात्रों को इसका अवश्य रूप से लाभ मिलेगा। उन्होंने इस नेक कार्य के लिए परिवारजनों का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि आज हमारा प्रदेश दिन प्रतिदिन विकास के पथ पर अग्रसर है। इस विकास की नींव में पूर्व मुख्यमंत्री स्व. डा. यशवंत सिंह परमार, ठाकुर राम लाल व वीरभद्र सिंह का बहुत बड़ा योगदान रहा है। शिक्षा, स्वास्थ्य व सडक़ों के निर्माण में इन विभूतियों का अहम योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि विकास की रफ्तार को जारी रखने के लिए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार प्रतिबद्घ है और विभिन्न योजनाओं के माध्यम से दुर्गम क्षेत्रों के लोगों को इन योजनाओं के माध्यम से लाभान्वित किया जा रहा है।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि पदेश सरकार के कार्यकाल में अकेले शिक्षा विभाग को 15 हजार पदों को भरने की अनुमति प्राप्त हुई है। दुर्गम क्षेत्रों में रिक्त पदों को भी प्राथमिकता के आधार पर भरा जाएगा। बैचवाइज के माध्यम से टीजीटी एवं जेबीटी के करीब 3200 पदों को भरा गया है। प्रधानाचार्यों के खाली पदों को भरा गया है। इसके अलावा 700 से अधिक पीजीटी के पदों को जल्द नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे ताकि दुर्गम क्षेत्रों में अध्यापकों की कमी दूर हो सके। इसके अतिरिक्त 6200 के लगभग एनटीटी के पदों की भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी।



2 करोड़ से हो रहा स्कूल के नए भवन का निर्माण
रोहित ठाकुर ने ने कहा कि इस स्कूल के नए भवन का निर्माण कार्य शुरू किया गया है जिस पर करीब 2 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंंगे। भवन का निर्माण कार्य करीब 3 वर्षों के भीतर पूर्ण किया जाएगा ताकि स्थानीय स्कूली छात्रों को इसका लाभ मिल सके।
इस अवसर पर विधायक चौपाल बलवीर वर्मा और हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमिटी महासचिव रजनीश किमटा ने भी अपने संबोधन प्रस्तुत किए। फाउंडेशन की अध्यक्ष व समाजसेवी मनीषा चौहान ने पूर्व विधायक मेहर सिंह चौहान को याद किया तथा स्कूल के इतिहास से अवगत करवाया। इस कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां का भी आयोजन किया गया।

Get in Touch

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Related Articles