हिमाचल आजकल
शिमला। सासंद प्रतिभा सिंह ने महिलाओं से एकजुट होकर अपने अधिकारों के प्रति सजग होने का आह्वान करते हुए कहा है कि देश व समाज के विकास में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। आज महिला हर क्षेत्र में पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिला कर खड़ी है। शनिवार को शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के बनूटी में विधायक विक्रमादित्य सिंह की अध्यक्षता में आयोजित महिला शसक्तीकरण सम्मेलन में मुख्य अतिथि शिरकत करते हुए प्रतिभा सिंह ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा ही महिला शसक्तीकरण को बढ़वा दिया। उन्होंने कहा कि आज महिला घर की चार दिवारी से बाहर निकल कर देश के विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। प्रतिभा सिंह ने सम्मेलन में उपस्थित भारी संख्या में महिलाओं की उपस्थिति पर खुशी प्रकट करते हुए कहा कि विधायक विक्रमादित्य सिंह इस क्षेत्र के विकास के प्रति पूरी तरह समर्पित है।
इससे पहले कांग्रेस की वरिष्ठ नेता पूर्व मंत्री विधायक आशा कुमारी ने विशेष अतिथि शिरकत करते हुए कहा कि भाजपा का महिला विरोधी चेहरा अब सब के सामने आ चुका है। जिस प्रकार से महंगाई बढ़ रही है उससे महिलाओं को घर चलाना मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में जब गैस सिलेंडर 350 रुपए का मिलता था तो यही भाजपा जो आज सत्ता में बेठी है इसके लिये बड़े बड़े मगरमच्छी आंसू बहाते थे।आज यही सिलेंडर एक हजार से ऊपर चला गया है।
महिलाओं की समस्याओं को दूर करेंगे- विक्रमादित्य सिंह
इस मौके पर विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि उनका प्रयास ग्रामीण क्षेत्र को आत्मनिर्भर बनाने का रहा है। महिला शक्ति को आगे बढ़ाने और उनकी समस्याआें को दूर करने का भी प्रयास रहा है। उन्होंने कहा कि आज का यह कार्यक्रम महिलाओं के सम्मान में महिला शसक्तीकरण के उद्देश्य से ही रखा गया है। शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र अब उनका घर है और यहां की समस्याआें को दूर करना उनका मुख्य कार्य है। विक्रमादित्य सिंह ने महिलाओं के जन समर्थन पर आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह क्षेत्र में किसी भी दलगत राजनीति से ऊपर उठ कर समान विकास कार्यों को अंजाम दे रहें है।उन्होंने कहा कि आज यह कार्यक्रम भी कोई राजनैतिक कार्यक्रम नही है।


| All Rights Reserved | Website By :