हिमाचल आजकल
शिमला। एसजेवीएन के अध्यक्ष व प्रबंध निदेशक नंद लाल शर्मा ने बताया कि एसजेवीएन ने हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर के नीला गांव के समीपवर्ती नंगल पौंड में 15 मेगावाट की ग्रिड कनेक्टेड फ्लोटिंग सौर पीवी पावर परियोजना हासिल की है। एसजेवीएन ने यह परियोजना बिल्ड आेन एंड ऑपरेट के आधार पर 15 मेगावाट की पूर्ण उद्घृत क्षमता के साथ 3.26 रूपए प्रति यूनिट की दर से सोलर एनर्जी कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित ई-रिवर्स नीलामी के माध्यम से हासिल की है। उन्होंने कहा एसजेवीएन के लिए यह गर्व का क्षण है कि उसने हिमाचल में अपनी पहली फ्लोटिंग सौरपरियोजना हासिल की है। कंपनी वर्ष 2030 तक गैर-जीवाश्म स्रोतों से 500 मेगावाट विद्युत उत्पन्न करने के भारत सरकार के विजन को साकार करने में प्रमुख योगदानकर्ता के रूप में उभरते हुए नवीकरणीय विद्युत विकसित करने पर ध्यान केंद्रित कर रही है। नन्द लाल शर्मा ने कहा कि इस फ्लोटिंग सोलर प्रोजेक्ट को लगभग सौ करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया जाएगा। इस परियोजना से पहले वर्ष में 32.85 मिलियन यूनिट विद्युत उत्पादित होने की उम्मीद है और 25 वर्षों की अवधि में संचयी विद्युत उत्पादन लगभग 756 मिलियन यूनिट होगा। एसजेवीएन और भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड के बीच विद्युत क्रय समझौते पर अतिशीघ्र हस्ताक्षर किए जाएंगे।


| All Rights Reserved | Website By :