Sunday, April 12, 2026

हिमाचल में फिर बर्फबारी, शीतलहर का प्रकोप बढ़ा

हिमाचल आजकल

शिमला।  हिमाचल  में एक बार फिर मौसम ने करवट बदली है। शनिवार को सूबे के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ताजा हिमपात हुआ है। इससे प्रदेश में शीतलहर का प्रकोप बढ़ गया है।  शिमला सहित  प्रदेश के अन्य पर्वतीय क्षेत्रों  में बर्फबारी हो रही है। वहीं  मैदानी क्षेत्रों में  जमकर बारिश हो रही है। ताजा बर्फबारी से शिमला शहर सफेद चादर से ढक गया है। यहां के ऐतिहासिक रिज मैदान और माल रोड पर सैलानी बर्फबारी का लुत्फ उठा रहे हैं। पर्यटन स्थलों कुफरी, नारकंडा और डलहौजी में भी बर्फ गिर रही है।

शिमला सहित चार जिलों का पारा माइनस में पहुंच गया है। इस सर्दी से अभी राहत मिलने के आसार नहीं हैं।  मौसम विभाग ने  दो मार्च तक मौसम के खराब रहने का अनुमान जताया है। कांगड़ा जिला के बड़ा भंगाल में दो फीट, कुल्लू जिला के अटल टनल में दो इंच, जलोड़ी जोत में पांच इंच, मनाली में एक इंच, लाहौल-स्पीति जिला के सिसु, काजा, तिन्दी व उदयपुर में दो इंच, मंडी जिला के पराशर लेक और शिकारी माता में छह-छह इंच, कमरुनाग में तीन इंच, शिमला के चांशल, खड़ापत्थर व खिडक़ी में तीन-तीन इंच, कुफरी व नारकंडा में दो-दो इंच बर्फबारी दर्ज की गई है। शिमला में न्यूनतम तापमान 2.6 डिग्री, सुंदरनगर में 6.2 डिग्री, भुंतर में 4.7, कल्पा में -3, धर्मशाला में 7.4, ऊना में 10.4, नाहन में 9.3, केलंग में -6.3, पालमपुर में 6, सोलन में 3.7, मनाली में 0.4, कांगड़ा में 8.8, मंडी में 8.6, बिलासपुर में 9, हमीरपुर में 9.2, चम्बा में 7.2, डलहौजी व कुफरी में -0.4 डिग्री और जुब्बड़हट्टी में 6.1 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की रिपोर्ट में कहा गया है कि बर्फबारी से तीन एनएच और 258 सडक़ें बंद हो गई हैं। लाहौल-स्पीति जिला में 143, चम्बा जिला में 64, कुल्लू में 24 और मंडी जिला में 17 सडक़ें अवरुद्घ हैं। इसके अलावा 46 बिजली ट्रांसफार्मर और 11 पेयजल स्कीमें भी ठप पड़ गए हैं।

Get in Touch

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Related Articles