Saturday, April 11, 2026

मुख्यमंत्री ने शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में मॉडल करियर सेंटर खोलने की घोषणा

हिमाचल आजकल

शिमला प्रदेश सरकार राज्य के निजी ट्रांसपोर्टरों की कठिनाइयों से अवगत है और सरकार ने इसके दृष्टिगत उन्हें अनेक रियायतें प्रदान की हैं। यह बात मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज कांगड़ा जिले के शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के दरगोला में हिमाचल प्रदेश निजी बस ऑपरेटर संघ के सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए कही।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों में किफायती परिवहन संचालन को बढ़ावा देने के लिए स्वर्ण जयंती ग्राम स्वरोजगार परिवहन योजना को स्वीकृति प्रदान की है। इस योजना के तहत, बेरोजगार युवाओं को 18 सीटर तक की क्षमता वाली बसों के लिए रियायती कर दरों पर परमिट दिया जाएगा। इसके तहत 107 रूटों की पहचान कर उन्हें विज्ञापित किया गया है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में परिवहन सुविधा प्रदान करने के लिए शीघ्र ही ऐसे अन्य रूटों को विज्ञापित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार कोविड-19 महामारी के दौरान ट्रांसपोर्टरों को हुई कठिनाइयों से अवगत है तथा इस महामारी के दौरान यह क्षेत्र सबसे अधिक प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा कि सरकार ने इस महामारी के दौरान सभी कमर्शियल वाहनों के 100 प्रतिशत कर में राहत प्रदान की और कार्यशील पूंजी पर ब्याज सबवेंशन योजना के तहत स्टेज कैरिज ऑपरेटरों को अपनी बसों को सुचारू रूप से चलाने के लिए 11 करोड़ रुपये की ऋण राशि प्रदान की गई। उन्होंने कहा कि राज्य ने बीस महीने के लिए कर राहत प्रदान की, जो संभवतः देश में अधिकतम है तथा इस दौरान ट्रांसपोर्टरों को लगभग 120 करोड़ रुपये के लाभ प्रदान किए गए। उन्होंने कहा कि फ्रंटलाइन कार्यकर्ताओं ने महामारी के इस कठिन दौर में कोविड-19 के प्रसार को रोकने में राज्य सरकार की सहायता करने और साथ ही अर्थव्यवस्था को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
जय राम ठाकुर ने कहा कि राज्य सरकार ने 60 यूनिट तक की बिजली खपत के लिए जीरो बिलिंग का निर्णय लिया है, जिससे प्रदेश के लगभग 4.50 लाख बिजली उपभोक्ता लाभान्वित होंगे। उन्होंने कहा कि 61 से 125 यूनिट के बीच बिजली खपत करने वाले 7 लाख से अधिक उपभोक्ताओं को लाभ प्रदान करने के लिए भी एक रुपये प्रति यूनिट की रियायती दर पर सस्ती बिजली उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि किसानों के लिए बिजली की दर 30 पैसे प्रति यूनिट होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने इस बजट में सभी के लिए बिना किसी आय सीमा के वृद्धावस्था पेंशन के लिए आयु सीमा को घटाकर 60 वर्ष करने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि ऐसे सभी पेंशनभोगियों को, जिन्हें अभी 850 रुपये प्रतिमाह पेंशन मिल रही थी, अब उन्हें 1,000 रुपये प्रतिमाह मिलेंगे, जबकि ऐसे पेंशनभोगियों को जिन्हें 1,000 रुपये प्रतिमाह पेंशन मिल रही है, उन्हें अब 1500 रुपये मिलेंगे। ऐसे सभी पेंशनभोगी जिन्हें वर्तमान में 1,500 रुपये प्रतिमाह की पेंशन मिल रही थी, उन्हें अब 1,700 रुपये प्रतिमाह मिलेेगें। उन्होंने कहा कि 60 से 65 वर्ष आयु वर्ग की महिलाएं भी बिना किसी आय सीमा के वृद्धावस्था पेंशन की हकदार होंगी। उन्होंने कहा कि अब 7.50 लाख लाभार्थियों को वृद्धावस्था पेंशन योजनाओं का लाभ मिलेगा, जिसपर 1,300 करोड़ रुपये व्यय किए जाएंगे।
जय राम ठाकुर ने कहा कि कोविड-19 महामारी के दौरान देश के विभिन्न भागों में फंसे लाखों युवाओं की घर वापसी में भी ट्रांसपोर्टरों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल और मजबूत नेतृत्व के कारण ही देश में दुनिया का सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान सफलतापूर्वक पूर्ण हुआ है। उन्होंने कहा कि इस मजबूत नेतृत्व के कारण ही हाल ही में घोषित पांच राज्यों के चुनाव परिणामों में भाजपा ने चार में जीत हासिल की है।
 मुख्यमंत्री ने शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में मॉडल करियर सेंटर खोलने की घोषणा की। उन्होंने कुथारना और तत्वानी में पशु औषधालय खोलने, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र चारी को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में स्तरोन्नत करने तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र लंग के भवन निर्माण के लिए एक करोड़ रुपये प्रदान करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि शाहपुर में इंडोर स्टेडियम निर्माण का मामला शीघ्र ही भारत सरकार के समक्ष उठाया जाएगा।

Get in Touch

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Related Articles