प्यारी बहना सुख सम्मान निधि के फर्म भरने की चुनाव आयोग ने दी इजाजत
मुख्यमंत्री ने शिमला संसदीय क्षेत्र के प्रचार अभियान की शुरूआत डोडरा क्वार से की
हिमाचल आजकल
शिमला। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि भाजपा ने धन बल से सत्ता को हथियाने का प्रयास किया लेकिन उनके इरादे कामयाब नहीं हो सके। प्रदेश की जनता सत्ता हथियाने की कोशिश करने की सजा भाजपा को जरूर देगी और प्रदेश की चारों लोकसभा सीटें कांग्रेस पार्टी के खाते में डालेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा ने धनबल का इस्तेमाल कर कांग्रेस पार्टी के छह विधायकों को अपने साथ मिलाया और राज्यसभा चुनाव के लिए कांग्रेस प्रत्याशी के खलिाफ क्रॉस वोट किया। भाजपा ने पैसे के दम पर प्रदेश सरकार को गिराने की कोशिश भी की। उन्होंने कहा कि बिकाऊ नेता कभी भी जनसेवक नहीं हो सकते हैं। मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को शिमला संसदीय क्षेत्र के लिए अपने चुनाव अभियान की शुरुआत शिमला जिला के दूर-दराज क्षेत्र डोडरा-क्वार से की।
उनका कहना था कि नेता विपक्ष जयराम ठाकुर ने धनबल के अहंकार में यहां तक कहा कि भगवान भी इस सरकार को नहीं बचा सकते हैं लेकिन देवी देवताओं के आशीर्वाद से वर्तमान राज्य सरकार ने बजट पास करवाया। उन्होंने कहा कि बजट में आम आदमी के कल्याण से जुड़ी योजनाएं थी, जिनमें मनरेगा के दिहाड़ी को बढ़ाकर तीन सौ रुपए का प्रावधान किया गया है तथा दूध खरीद पर मूल्य न्यूनतम समर्थन मूल्य देने वाला हिमाचल प्रदेश देश का पहला राज्य बना है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार गाय का दूध 45 रुपए और भैंस का दूध 55 रुपये प्रति लीटर के रेट पर खरीदेगी। इसके अलावा प्राकृतिक खेती से उत्पादित गेहूं को 40 रुपए और मक्की को तीस रुपए प्रति किलो की दर से खरीदा जाएगा।

ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार ने भ्रष्टाचार के दरवाजों को बंद किया, जिसके कारण राज्य सरकार के खजाने में पैसा आया और इसी धन से जन कल्याण की नई योजनाओं की शुरूआत की गई। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने इंदिरा गांधी प्यारी बहना सम्मान निधि की शुरुआत की है, जिसके तहत 18 साल से अधिक आयु की महिलाओं को 1500 रुपया प्रति महीना पेंशन दी जा रही है। सुक्खू कहा कि महिलाओं के अधिकार को रुकवाने के लिए भाजपा नेता चुनाव आयोग के पास गए, जबकि यह योजना एक मार्च 2024 से पूरे प्रदेश में लागू हो चुकी है और इसके लिए 800 करोड़ रुपए के बजट का प्रावधान किया गया है। ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि जिसकून जाखा सडक़ के लिए निर्माण के लिए प्रदेश सरकार ने तीन करोड़ रुपए स्वीकृत किए हैं और इसका निर्माण कार्य प्रगति पर है।

सुरेश कश्यप आपदा के समय गायब रहे : रोहित ठाकुर
इस अवसर पर शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि भाजपा सांसद सुरेश कश्यप आपदा के समय गायब रहे और सांसद ने ठियोग, रोहड़ू, जुब्बल-कोटखाई क्षेत्रों के विकास के लिए अपनी निधि से एक रुपए भी नहीं दिया। मौजूदा सांसद अपने पांच वर्ष के कार्यकाल में मात्र एक बार डोडरा क्वार आए। उन्होंने कहा कि पिछली भाजपा सरकार ने सेब के कीटनाशकों व उर्वरकों पर सब्सिडी को खत्म कर दिया था, जिसे वर्तमान राज्य सरकार ने फिर से शुरू किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने बागबानों से सेब पर आयात शुल्क तीन गुना बढ़ाने की वादा किया था लेकिन इसके विपरीत केंद्र सरकार ने इसे घटाकर 35 प्रतिशत कर दिया है।
चारों सीटें जीतेगी कांग्रेस : विनोद सुल्तानपुरी
वहीं कांग्रेस पार्टी के लोकसभा प्रत्याशी विनोद सुल्तानपुरी ने कहा कि भाजपा ने राज्य सरकार को अस्थिर करने की साजिश की और हिमाचल प्रदेश की अस्मिता पर प्रहार किया। उन्होंने कहा कि मुझे और विक्रमादित्य सिंह को लोक सभा चुनाव के मैदान में उतारा गया है और मुख्यमंत्री फ़्रंट फुट पर खेल रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी प्रदेश के देवी देवताओं और जनता के आशीर्वाद से सभी चारों सीटें जीतेगी।


| All Rights Reserved | Website By :