हिमाचल आजकल
शिमला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने वित्त वर्ष के केंद्रीय बजट में प्रदेश की अनदेखी पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा है कि इससे प्रदेश आत्मनिर्भर बनने की जगह पूरी तरह कर्ज में डूब जाएगा। बजट में प्रदेश के विकास की किसी भी योजना का कोई प्रारूप नही है। प्रदेश में रेल विस्तार व हवाईअड्डों के निर्माण व विस्तार की सभी उम्मीदें धरी की धरी रह गई।
बुधवार को कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में मीडिया के साथ अनौपचारिक बातचीत में राठौर ने कहा कि चुनाव से पूर्व प्रधानमंत्री ने विदेशों से आयात होने वाले सेब पर आयात शुल्क बढ़ाने का जो वायदा प्रदेश के बागवानों से किया था वह भी धरा का धरा रह गया। इससे प्रदेश के बागवानों को आर्थिक संकट का सामना करना पड़ सकता है। राठौर ने कहा कि बजट में एमएसएमई, लघु, शुक्ष्म एवं मध्यम उद्योगों के विस्तार की भी कोई योजना नहीं है। कोरोना के चलते पर्यटन उद्योग भी बुरी तरह प्रभावित हुआ है। हजारों की संख्या में लोगों ने अपना रोजगार खोया है।उनके पुर्नवास के लिये केंद्रीय बजट में कोई भी योजना नही है। इस बजट से देश मे महंगाई व बेरोजगारी के साथ साथ अमीर व गरीब के बीच खाई आेर बढ़ेगी।
राठौर ने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बजट से पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री से विशेष भेंट कर प्रदेश के लोगों को उम्मीद जगाई थी कि बजट में प्रदेश के विकास की योजनाआें को प्रमुखता मिलेगी। उन्होंने कहा कि बजट में न तो प्रदेश में रेल विस्तार की कोई योजना है और न ही हवाई कनेक्टिविटी या फिर मंडी में बनने वाले एयरपोर्ट निर्माण या विस्तार का कोई प्रस्ताव है।


| All Rights Reserved | Website By :