हिमाचल आजकल
शिमला। प्रदेश भाजपा सह प्रभारी संजय टंडन ने कहा कि नगर निगम शिमला चुनावों के पार्टी पूरी तरह से तैयार है। भाजपा विधानसभा चुनाव को लेकर भी पूरा रोड मैप बनाएगी। उन्होंने कहा कि बीते दिन हुई बैठक में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर व प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप के साथ नगर निगम शिमला को लेकर रणनीति भाजपा ने तय कर ली है। नगर निगम चुनाव के लिए तीन वरिष्ठ नेताओं की ड््यूटी लगाई है। चुनावों में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सत्ती, मंत्री सुरेश भारद्वाज व विधायक डा. राजीव बिंदल की एक समिति का गठन कर दिया गया है। इनके सहयोग में प्रदेश महामंत्री त्रिलोक जम्वाल, सचिव बिहारी लाल शर्मा और महेंद्र धर्माणी सहयोगी के रूप में काम करेंगे। संजय टंडन ने कहा की आने वाले समय में इन नगर निगम चुनावों के 41 वार्डों के प्रभारियों की नियुक्ति भी जल्द की जाएगी। नगर निगम चुनाव के लिए स्थानीय मुद्दों का एक खाका तैयार किया जाएगा। उन्होंने कहा की हिमाचल में भाजपा के पास के मजबूत संगठन है और जल्द ही पन्ना समितियों का भी गठन हो जाएगा। इससे सभी वोटर पर नजर बनी रहेगी।


| All Rights Reserved | Website By :